हमारे सम्मान्य समर्थक... हम जिनके आभारी हैं .

नेहा ने माफी मांगी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
नेहा ने माफी मांगी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 7 अप्रैल 2026

पुस्तक-समीक्षा/नेहा ने माफी मांगी, समीक्षक : चक्रधर नलिन

पुस्तक परिचय

नेहा ने माफी मांगी [कहानी संग्रह]

कहानीकार : नागेश पांडेय संजय

प्रकाशक : राही प्रकाशन

शाहजहांपुर उ० प्र०

संस्करण : प्रथम, वर्ष 1994

समीक्षक : चक्रधर नलिन

समीक्ष्य कृति हिन्दी बाल साहित्य के यशस्वी रचनाकार नागेश पांडेय की आधुनिक बोध की छः बाल कहानियों का संग्रह है। क्रम और शीर्षक की दृष्टि से 'खेल खेल में', 'अँधेरा हट गया', 'देखा तो चौंकी', 'जल्दी चलिए वहाँ', 'नेहा ने माफी माँगी', 'मैं जान गया हूं" कहानियाँ रोचक, मनोरंजन के साथ हो पाठकों को विचारणा के शीर्षक बिन्दु तक ले जाती हैं। इन सोद्दश्यपरक कहानियों में बाल चांचल्य, उत्सुकता तथा पर्याप्त जीवन्तता है। 'मैं जान गया हूं", कहानी सच्चा-सुख व्यक्त करते हुए परिश्रम तथा आत्म निर्भरता के प्रति हमारा ध्यान खींचती है। शैतानी की सजा बाल अभिव्यक्ति देने वाली कहानी प्रेरक तथा शिक्षाप्रद है। 'जल्दी चलिये वहाँ' बाल साहसिकता तथा कर्तव्य निष्ठा के प्रति पाठकों को प्रोत्साहित करती है। 'देखा तो चौकी' में रचनाकार ने बाल-संवेदना के सूक्ष्म और प्रभावी स्वरूप की सफलतापूर्वक झांकी प्रस्तुत की है जिसमें एक धनी परिवार की बालिका तथा उसी की नौकरानी की पुत्री के बीच को जोड़ने का प्रयत्न है जो बाल मनोवैज्ञानिक दृष्टि से एक आदर्श है। आंखों का प्रकाश बनी बाल-कथा 'अंधेरा हट गया' विश्व बालक-बालिकाओं की अद्भुत सूझ-बूझ, त्याग, सहायता तथा सफलता दर्शाने वाली उच्च बाल-मूल्य-उद्घाटिनी है। 'खेल खेल में इस संग्रह की पहली कथा है जिसमें शैतानी की बाल-सुलभता में बदलती परिस्थितियों तथा परिदृश्यों को सहजता से दिखाया गया है। शैतान बच्चे ऐसे घटनात्मक मोड़ पर सुधरते ही नहीं भविष्य का आलोक बनते हैं। पात्र, कथावस्तु, संवाद, काल परिस्थिति, युग तथा चिन्तन की दृष्टि से रचनाकार ने निर्विवाद सफलता प्राप्त की है। कृति की भाषा सहज, सरल तथा प्रकाशमय है ओर कहानियाँ पठनीयता की दृष्टि से बाल-जीवन को नई गति तथा दिशा देती हैं। 

कृति पठनीय, सराहनीय, संग्रहणीय, उपयोगी तथा प्रेरक है। आशा है कि इसे बच्चे और बूढ़े, युवा और प्रौढ़ सभी पसन्द करेगे।

समीक्षक : चक्रधर नलिन 

(बाल साहित्य समीक्षा,मासिक, कानपुर, अगस्त 1994, पृष्ठ 28)



सोमवार, 6 अप्रैल 2026

पुस्तक-समीक्षा/नेहा ने माफी मांगी

विभिन्न पत्र पत्रिकाओं (नंदन, बाल भारती, हिंदी प्रचारक पत्रिका, अक्षर भारत में 'नेहा ने माफी मांगी' पुस्तक पर प्रकाशित टिप्पणियाँ 

(1) नंदन, नई दिल्ली 

(नंदन, मासिक , नई दिल्ली, सितंबर 1995, पृष्ठ 64)

नेहा ने माफी मांगी- लेखक 'संजय'; प्रकाशक : राही प्रकाशन, 43, चौकसी, शाहजहांपुर (उ.प्र.); मूल्य 10 रुपए ।

कुल छह कहानियां है पुस्तक में। खेल-खेल में, अंधेरा हट गया, देखा तो चौंकी, जल्दी चलिए वहां, नेहा ने माफी मांगी तथा मैं जान गया हूं। आज के बच्चों के सामने कैसी-कैसी समस्याएं आती हैं, वे उनसे किस तरह बचने के रास्ते निकालते हैं- कहानियां इन्हीं बच्चों के आसपास घूमती है। 'खेल-खेल में' कहानी बहुत अच्छी है।

- बृज (नंदन, मासिक , नई दिल्ली, सितंबर 1995, पृष्ठ 64)

(2) बाल भारती, नई दिल्ली 

(बाल भारती, मासिक, नई दिल्ली, अक्टूबर 1994, पृष्ठ 60)

पुस्तकः नेहा ने माफी मांगी; लेखकः नागेश पांडेय 'संजय'; प्रकाशकः राही प्रकाशन, 43, चौकसी, शाहजहांपुर (उ.प्र.)-242001; मूल्यः 10 रुपये।

छः कहानियों की इस पुस्तक में बच्चों को सिखाया गया है कि आपस में हिलमिल कर रहना चाहिए। एक-दूसरे की मदद करनी चाहिए इत्यादि। अच्छे नागरिक बनने की दिशा में ये कहानियां बच्चों के लिए सहायक सिद्ध होंगी।

(बाल भारती, मासिक, नई दिल्ली, अक्टूबर 1994, पृष्ठ 60)


(3) हिंदी प्रचारक पत्रिका, वाराणसी


(हिंदी प्रचारक पत्रिका , वाराणसी, नवंबर 1995 पृष्ठ 6)

नेहा ने माफी माँगी/ ले. नागेश पाण्डेय 'संजय'

बाल मन को कहानियाँ आरम्भ से प्रभावित करती रही हैं। कहानियाँ बालकों को किसी बात को सरल और आसान ढंग से समझाने का माध्यम रही हैं। श्री 'संजय' की कहानियाँ आधुनिकता बोध से जुड़ी हैं। बाल मानसिकता की उनकी कहानियों में बाल जीवन का स्पन्दन है। सरल भाषा में लिखी उनकी कहानियाँ सहज ही अपना प्रभाव छोड़ती हैं। (हिंदी प्रचारक पत्रिका , वाराणसी, नवंबर 1995 पृष्ठ 6)


(4) यू.यस. एम. पत्रिका, गाजियाबाद

(यू.एस.एम. पत्रिका/नव.-दिस. 1994, पृष्ठ 74)



बाल कथा पुस्तक : नेहा ने माफी मांगी 

समीक्षक : द्वारिका प्रसाद माहेश्वरी 

इस पुस्तक की पहली ही कहानी 'खेल खेल में' पढ़ी तो उसने मुझे ऐसा जकड़ लिया कि उठने ही न दिया, और उसी क्रम में सारी कहानियां एक ही सांस में, एक ही 'सिटिंग' में पढ़ गया। बहुत कम होता है ऐसा मेरे साथ।

बालकों की शैतानी, उनके नटखटपन, उनकी चपलता. उनके चुलबुलेपन को लेखक ने बड़े ही सहज-सरल ढंग में चित्रित किया है। साथ ही उनकी इन चंचलताओं को उनके हृदय परिवर्तन की दिशा में जो स्वस्थ मोड़ दिया है वह भी बहुत सहज है, सर्वथा सराहनीय है।

साहित्य बड़ों के लिए हो या बालकों के लिए, युग बोध से जुड़ा तो उसे होना ही चाहिए। भावी पीढ़ी को चरित्र की दृष्टि से वलिष्ठ बनाना आज के युग की बहुत बड़ी आवश्यकता है। इस दृष्टि से भी विना कोई उपदेश दिए,बालकों में स्वस्थ संस्कारों के अंकुर जमाने में श्री नागेश पांडेय संजय' का यह कहानी संग्रह प्रभावी सिद्ध होगा, ऐसा मेरा. विश्वास है। विश्वास यह भी है कि बालक इन कहानियों को बड़ी रुचि से पढ़ेंगे और स्वस्थ साहित्यिक आनंद प्राप्त करेंगे।

कहानियों की भापा बोल चाल की भाषा है, बालकों जैसी ही सरल है। अभिव्यक्ति में भी लगता है जैसे बालक स्वयं ही बोल रहे हों।

पुस्तक : नेहा ने माफी मांगी (बाल कहानी संग्रह); लेखक : नागेश पांडेय 'संजय'; प्रकाशक : राही प्रकाशन, शाहजहांपुर; मूल्य : दस रुपये 

समीक्षक : द्वारिका प्रसाद माहेश्वरी

(यू.एस.एम. पत्रिका/नव.-दिस. 1994, पृष्ठ 74)


(5) अक्षर भारत दैनिक, नई दिल्ली 

(अक्षर भारत, दैनिक 2 सितम्बर 1996)

बच्चों के लिए प्यारी बाल कहानियाँ 

युवा बाल साहित्यकार नागेश पांडेय 'संजय' की छह बाल कहानियों का संग्रह 'नेहा ने माफी मांगी' राही प्रकाशन, 43, चौकसी, शाहजहांपुर (उ.प्र.) से प्रकाशित हुआ है। इसमें कथाकार की प्रतिनिधि बाल कहानियां संग्रहीत हैं।

कहानियों की भाषा अत्यंत सरल है। कहीं भी उपदेश थोपने की गलती नहीं की गयी है। कथाकार में बच्चों की मानसिकता के अनुरूप कथा बुनने की कला है और वह बहुत सहज और प्रभावी ढंग से अपनी बात कहानी के माध्यम से व पिरो देता है। भूमिका में डा. श्रीप्रसाद ने ठीक ही लिखा है 'बाल मानसिकता की उनकी कहानियों में बाल जीवन स्पंदित होता है। यही उनके कहानी लेखन की सफलता है।

विश्वास है दस रुपए वाली इस कथा कृति का बाल पाठकों में स्वागत होगा।

समीक्षक : भगवती प्रसाद द्विवेदी 

(अक्षर भारत, दैनिक 2 सितम्बर 1996)

(6) नवनीत मासिक, मुंबई 

(नवनीत, मासिक, मुंबई, जुलाई 1995, पृष्ठ 25)








नेहा ने माफी मांगी , कथाकार : नागेश पांडेय संजय, राही प्रकाशन, शाहजहांपुर ; मूल्य : दस रुपये मात्र 

समीक्ष्य कृति में बाल साहित्यकार नागेश पांडेय 'संजय' की छह प्रतिनिधि बाल कहानियां संग्रहीत हैं। रचनाकार ने स्वीकारा भी है कि उसने बाल साहित्यकारों और पाठकों की प्रतिक्रियाओं को आधार बनाकर रचनाओं का चयन किया है।

सकारात्मक जीवन की ये कहानियां बाल मनोविज्ञान की बारीकी से पड़ताल करने के बाद सजग होकर लिखी गई हैं। सभी कहानियों के केन्द्र में बालक हैं और उनके जीवन के उतार-चढ़ाव, ईर्ष्या-द्वेष, भटकाव और मनोवृत्ति को रेखांकित करते हुए उन्हें अत्यन्त सहज ढंग से सही राह पर कदम बढ़ाने की प्रेरणा दी गई है।

कहानियों की भाषा अत्यन्त सरल है। कहीं भी उपदेश थोपने की गलती नहीं की गई है। कथाकार में बच्चों की मानसिकता के अनुरूप कथा बुनने की कला है और वह बहुत सहज और प्रभावी ढंग से अपनी बात कहानी के माध्यम से कह देता है।

- भगवती प्रसाद द्विवेदी

(नवनीत, मासिक, मुंबई, जुलाई 1995, पृष्ठ 25)




रविवार, 28 नवंबर 2010

पुस्तक-समीक्षा/ नेहा ने माफी मांगी, समीक्षक : सूर्यकुमार पांडेय

पुस्तक समीक्षा/नेहा ने माफी मांगी
आज के समाज और परिवेश से जुड़ी कहानियाँ 
समीक्षक : सूर्यकुमार पांडेय

पुस्तक : 'नेहा ने माफी मांगी' (बाल कहानी संग्रह)
लेखक : नागेश पांडेय 'संजय'; प्रकाशक : राही प्रकाशन, 43 चौकसी, शाहजहांपुर 242001; पृष्ठ: 30; मूल्य दस रुपये मात्र। 
प्रकाशन वर्ष: 1994

श्री नागेश पांडेय 'संजय' ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के बल पर हिन्दी बाल साहित्य में अपना स्थान बड़ी तेजी से बनाया है। श्री 'संजय' बहुमुखी प्रतिभा के धनी रचनाकार हैं। बाल-साहित्य की लगभग समस्त प्रमुख विधाओं जैसे कविता, कहानी, नाटक और आलोचना में उनका कार्य सराहनीय रहा है। उन्होंने संपादन के क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा का भरपूर प्रदर्शन किया है। श्री 'संजय' की रचनाएं पत्र/पत्रिकाओं में प्रकाशित होती रही हैं। उनका बाल कहानी इसमें उनकी कुल 6 संगह मेरे समक्ष है। कहानियाँ संग्रहीत हैं।
'खेल खेल में' (पृष्ठ- 7) एक नटखट बच्चे के पश्चाताप की कहानी है। अनजाने में बच्चों द्वारा की जाने वाली शरारतों के दुष्परिणाम को इस कहानी में उकेरा गया है। 'अंधेरा हट गया' (पृष्ट-11) में बाल मित्रों के प्रयास से एक दुर्घटना ग्रस्त बच्चे की आंखों की रोशनी वापस लाने की सार्थक सफलता को चित्रित किया गया है। 'देखा तो चौंकी' (पृष्ठ 17) में एक धनी और एक निर्धन सहपाठी बालिकाओं के सहज प्रेम को दर्शाया गया है। इस कहानी के नाटकीय मोड़ में एक लड़की अपनी ईर्ष्या छोड़कर दूसरी लड़की को अपना मित्र बना लेती है।
'जल्दी चलिए वहाँ' (पृष्ठ 20) में एक बच्चे की प्रत्युत्तपन्नमति और सूझ-बूझ के चलते दो लुटेरों के पकड़े जाने की कथा है। वर्तमान समय में बढ़ती लूटपाट की घटनाओं को इस कहानी की विषय-वस्तु बनाया गया है। 'नेहा ने माफी मांगी' (पृष्ठ-23) नामक कहानी को ही श्री 'संजय' ने अपने संकलन का शीर्षक बनाया है। इस कहानी के माध्यम से एक शरारती लड़की को उसकी गलत आदतें छुड़वाने का संदेश दिया गया है। इस कहानी में पश्चाताप भाव को सुंदर और रचनात्मक तरीके से अंकित किया गया है। संकलन की अंतिम कहानी 'मैं जान गया हूं' (पृष्ठ-26) में मध्यमवर्गीय परेशानियों के निराकरण में बच्चों की सहभागिता, सूझबूझ और सहयोग को रेखांकित किया गया है।
श्री नागेश पांडेय 'संजय' की कहानियों को पढ़ने से एक बात स्पष्ट हो जाती है कि उन्हें बाल मनोविज्ञान की अच्छी समझ है। उनकी सारी बाल कहानियों के मुख्य चरित्र बालक-बालिकाएं हैं। कहानियों में एक उद्देश्य है और प्रत्येक कहानी संदेश प्रधान है। यह बाल साहित्य की एक अनिवार्य शर्त है जो श्री 'संजय' की कहानियों में प्रमुख रूप से सामने आई है। 'नेहा ने माफी मांगी' की कहानियाँ आज के समाज और परिवेश से जुड़ी हुई कहानियाँ हैं। यथार्थ इन कहानियों का मूल तत्व है। कहानियों में कल्पनाशीलता भले ही अधिक न हो किन्तु पलायनवादी भावनाएं छू तक नहीं गई हैं। इन कहानियों की भाषा बच्चों के अनुकूल है। कठिन शब्दों का प्रयोग नहीं किया गया है। संवाद चुटीले हैं और असंगतियाँ तथा अशुद्धियाँ लेशमात्र भी नहीं हैं।
'नेहा ने माफी मांगी', बाल पाठकों को अपनी ओर आकर्षित करने में सक्षम है। यह संकलन श्री नागेश पांडेय 'संजय' की भावी रचनाधर्मिता के प्रति पूर्णरूपेण आश्वस्त करता है।'
समीक्षक : सूर्यकुमार पांडेय
(बालवाणी, मासिक, लखनऊ, अप्रैल मई, 1995, पृष्ठ 54 पर प्रकाशित)

(सूर्यकुमार पांडेय जी द्वारा लिखित यह समीक्षा अमर उजाला रविवासरीय, मेरठ के 28 मई 1995 अंक के पृष्ठ 3 पर भी प्रकाशित हुई थी।)











गुरुवार, 18 नवंबर 2010

पुस्तक-समीक्षा/नेहा ने माफी मांगी, समीक्षक : डॉ. शोभनाथ 'लाल'

पुस्तक समीक्षा
एक सार्थक पुस्तक : नेहा ने माफी मांगी 
समीक्षक : डॉ. शोभनाथ 'लाल'

बाल साहित्य की अन्यान्य विधाओं में जितनी लोकप्रियता बालगीत तथा कहानी को प्राप्त है, उतनी अन्य को नहीं। खूब बालगीत छप रहे हैं, खूब कहानियां लिखी जा रही हैं। श्री नागेश पांडेय 'संजय' की प्रतिभा सम्पन्न लेखनी ने दोनों ही विधाओं में उपयोगी साहित्य का सृजन किया है।
बाल कहानी संग्रहों की भीड़-भाड़ में कभी-कभी ही कोई सार्थक, रचनात्मक एवं उपयोगी पुस्तक मिल जाती है। श्री 'संजय' की सद्यः प्रकाशित पुस्तक 'नेहा ने माफी मांगी' एक ऐसी ही सार्थक कृति है। इस पुस्तक मे कुल छह कहानियाँ हैं, जिनकी भाषा, शिल्प तथा शैली से लेखक की पहचान पुष्ट होती है। भाव तथा कला दोनों ही पक्ष समृद्ध है। बाल मनोविज्ञान की सूक्ष्म दृष्टि भी परीलक्षित होती है।
"संग्रह की पहली कहानी 'खेल-खेल में' है। कभी कभी खेल-खेल में ही बच्चों की शैतानी बड़े संकट का कारण बन जाती है। इस कहानी में राजू को जब आसन्न संकट से अपनी शैतानी का बोध होता है तो वह इस आदत को हमेशा के लिए छोड़ देता है। दूसरी कहानी 'अंधेरा हट गया' में कुछ छोटे बच्चों ने अपने एक अंधे मित्र की रोशनी वापस लौटा लेने में वह सहयोग किया कि संवेदनहीन होते हुए 'आदमी' के लिए भी यह असंभव और आश्चर्यजनक कार्य होता। 'देखा तो चौकी' कहानी में धनी बच्चों के सहानुभूतिपूर्ण भावनाएं को गरीब सहपाठियों के संदर्भ में उकेरा गया है। 'जल्दी चलिए वहां' कहानी में मोहनीश की सूझबूझ से पूरी बस के यात्रियों को आतंकियों के चंगुल से बचा लिया जाता है। 'नेहा ने माफी मांगी' कहानी भी कम रोचक और शिक्षाप्रद नहीं है। नेहा भी अपनी सहेली छात्राओं को बराबर तंग किया करती थी। किन्तु जब वह स्वयं मुसीबत में डाल दी गई तो उसे अपने किए का दूसरों पर पड़ने वाले प्रभाव का एहसास हुआ। सो वह भी सुधर गयी। 'खेल-खेल में' तथा इस कहानी के थीम एक से हैं। 'मैं जान गया हूं' कहानी में एक साधनहीन परिवार में जन्में बालक की जिद व हठ को मनोवैज्ञानिक ढंग से दूर करने का सफल प्रयास है।
कुल मिलाकर यह पुस्तक नौ से बारह वर्षीय बालकों के लए उपयोगी है। मुद्रण तथा एकरंगे चित्र अच्छे हैं। आवरण पृष्ठ संतोष जनक है।

पुस्तकः - नेहा ने माफी मांगी
लेखकः - नागेश पांडे 'संजय'
प्रकाशकः - राही प्रकाशन, चौकसी, शाहजहांपुर-२४२००१
मूल्य : दस रुपया मात्र, संस्करण : 1994, प्रथम
पृष्ठ :- तीस

(देवपुत्र, मासिक, मार्च 1996, पृष्ठ 34)


पुस्तक समीक्षा/नेहा ने माफी मांगी, समीक्षक : डॉ. रोहिताश्व अस्थाना

मनोरंजन और प्रेरणा से भरपूर बाल कहानियां 
समीक्षक : डॉ. रोहिताश्व अस्थाना 
आज मीडिया ने बच्चों के मानसिक स्तर को उनकी आयु से दस वर्ष बड़ा कर दिया है। बच्चों की जानकारी, उनकी जिज्ञासा और तर्क शक्ति पहले की अपेक्षा अत्यधिक विकसित हो चुकी है। अतः बत्त्वों को लिए दादी और नानी की कहानियों, परीकथाओं एवं गप्पों में पहले जैसी रुचि नहीं रह गयी है। आज का बाल पाठक बाल केंद्रित एवं बाल परिवेश से संबद्ध कहानियां पढ़ना पसंद करता है। इन कहानियों में प्रायः चालक ही सक्रिय चरित्र का निर्वाह करते हुए सफलता साहस एवं प्रेरणा बिदु पर पहुंचते हैं।
इसीलिए बाल कहानियों का कथ्य, शिल्प एवं स्वरूप बदलता जा रहा है। समीक्ष्य बाल कथा कृति 'नेहा ने माफी मांगी' ऐसी ही छह कहानियों का संग्रह है।
मूर्धन्य बाल साहित्यकार एवं समालोचक डॉ. श्रीप्रसाद, द्वारिका प्रसाद माहेश्वरी एवं भगवती प्रसाद द्विवेदी का आशीर्वाद पुस्तक में संकलित है।
पहली कहानी 'खेल-खेल में राजु की शैतानियों पर आधारित है। वह अपनी बहन नेहा की चप्पले गुड़हल के पेड़ के नीचे छिपा देता है। जब नेहा चप्पले उठाने जाती है तब साप को देखकर बेहोश हो जाती है। डाक्टरों के उपचार से वह बच जाती है और राजू अपनी शैतानियों के लिए माफी मागता है।
दूसरी कहानी अंधेरा हट गया' राजीव, पीयूष और नेहा की परोपकार भावना पर आधारित है। वे अपना जेब खर्च बचाकर, लोगों से चंदा एकत्र कर और जिलाधिकारी से सहयोग लेकर अपने गरीब मित्र मोहनीश की आखों का आपरेशन कराकर उसे फिर से नयी रोशनी प्रदान करते हैं।
तीसरी कहानी 'देखा तो चौकी' में पिंकी की सहेलियां उसकी गरीब कितु तीव्र बुद्धि सहेली रिंकी के विरुद्ध भड़काती रहती है। उधर पिंकी अपनी महरी चाची की अनदेखी पुत्री को अपनी फ्रॉक दे देती है और वही फ्रॉक जब अगले दिन रिकी पहन कर स्कूल आती है तो पिंकी उसे देखकर चौंक पडती है। सारा हाल जानकर वह उसे गले लगा लेती है।
चौथी कहानी 'जल्दी चलिए वहां' में चतुर और साहसी बालक मोहनीश की सूचना पर पुलिस दो कुख्यात लुटेरों को बस लूटते हुए रंगे हाथों पकड़ लेती है।
पाचवी कहानी 'नेहा ने 'माफी मागी' में नेहा की शैतानियों की कथा है। वह कक्षा में ही चुपके से मनीषा और ममता की चोटियां आपस में बांध देती है, जिससे वे दोनों चलने पर गिर पड़ती है। जया ने यह देख लिया। कुछ दिन बाद चित्रकारी और प्रतियोगिता में जाते समय जया, मनीषा और ममता ने मिलकर नेहा की साइकिल की हवा निकाल दी। नेहा ने क्रोध से पूछा-कि हवा किसने निकाली तो सभी ने उससे पूछा - 'ममता मनीषा की चोटियां किसने बांधी।' नेहा को प्रतियोगिता में पहुंचने की देर हो रही थी। अब उसे अपनी शैतानियों पर अफसोस हो रहा था। उसने सभी सहेलियों से माफी मांगी। तब ममता उसे अपनी साइकिल पर बिठा लेती है।
संकलन की अंतिम कहानी 'मै जान गया हूं' में आदर्श अपने गरीब पिता जी से होली पर हठपूर्वक रंग गुलाल और फव्वारे के लिए पचास रुपये मांगता है तो विवश पिताजी घरेलू खर्च में से पचास रुपये दे देते है। आदर्श बाजार जाता है तो वहां अपने मित्र पीयूष को रंग गुलाल और फब्बारे की दुकान चलाते देखता है। फिर क्या था आदर्श भी साझीदार बन जाता है। रंगों की बिक्री से कमाये गये रुपये आदर्श अपने पिताजी को देता है। अगले दो दिनों की कमाई से वह होली का सामान ले आता है। इस प्रकार हठी आदर्श मेहनत की महिमा और अपने काम में शर्म न करने की शिक्षा पाता है।
सभी कहानियां सहज स्वाभाविक और बच्चों के जीवन के अंतरंग क्षणों पर आधारित हैं। कहानी कहने का ढंग प्रभावशाली एवं मनोरंजक है। बाल पाठक इन कहानियों से कहीं न कहीं अपना जुड़ाव अनुभव करते है। पत्र-पत्रिकाओं में पूर्व प्रकाशित यह कहानियां निश्छल बालमन की सहज अभिव्यक्तियां है। भाषा सरल और प्रवाहपूर्ण है। हां, पात्रों के चयन और नामकरण में नवीनता का ध्यान रखना चाहिए था। उदाहरण हेतु नेहा एक कहानी में सीधी सादी बालिका है तो दूसरी में शैतान। मोहनीश, पीयूष आदि पात्रों की कई कहानियों में पुनरावृत्ति हुई है। एक ही बाल कथा संकलन में हर पात्र का नया नाम रखन से पाठक भ्रम में पड़ने से बच जाता।
कुल मिलाकर नागेश पांडेय संजय की प्रस्तुत बालकथा कृति आकर्षक, पठनीय एवं संग्रहणीय है तथा आश्वस्त करती है कि वे आगे चलकर इस क्षेत्र में नयी उपलब्धिया अर्जित करते रहेंगे।
नेहा ने माफी मांगी (बाल कथा संग्रह), लेखक नागेश पांडेय 'संजय' प्रकाशक राही प्रकाशन, चौकसी शाहजहांपुर (उ.प्र.) मूल्य- दस रुपये, प्रकाशन वर्ष : 1994

समीक्षक : डा. रोहिताश्व अस्थाना
(राष्ट्रीय सहारा, दैनिक, लखनऊ, बचपन, 20 अगस्त 1994, पृष्ठ : 3)