तुम्हारे लिए नई किताब / नीलम राकेश
बालिकाओं की रोचक कहानियाँ
बच्चों के लिए नागेश पांडेय 'संजय' के कई कहानी संग्रह आ चुके हैं। इनके संपादन में तुम्हारे लिए एक और कहानी संग्रह आया है - 'बालिकाओं की रोचक कहानियां'। इसमें उन्होंने देश के कई जाने-माने बाल साहित्यकारों की कहानियां संकलित की हैं, जो बालिकाओं को केंद्र में रखकर लिखी गई हैं। ये कहानियां रोचक तो हैं ही, प्रेरक भी हैं।
क्षमा शर्मा की कहानी 'दिवाली के दिन' में किशोरियों को यह समझ दी गई है कि माता-पिता और भाई ही उनके असली शुभचिंतक होते हैं। दिविक रमेश ने बालिकाओं पर जरूरत से ज्यादा नियंत्रण को लेकर 'रितु के पापा' शीर्षक से एक कहानी लिखी है। प्रकाश मनु की मनोरंजक कहानी 'खीर खाई टेडी बीयर ने' पढ़कर तुम्हें खूब मजा आएगा। शकुंतला कालरा की कहानी 'मदर्स डे' में यह संदेश है कि भावनाएं अमूल्य होती हैं, भावनाओं की कीमत को भावनाओ से ही चुकाया जा सकता है। सूर्यनाथ सिंह की कहानी 'नानू का ननिहाल' में बच्चों को सैर-सपाटे का आनंद तो मिलेगा ही, अंधविश्वासों से सतर्क रहने की शिक्षा भी मिलेगी। समीर गांगुली की कहानी 'फूलों की खोज' बताती है, हमें हमेशा दूसरों की मदद करनी चाहिए। देवेंद्र कुमार की कहानी 'झुमकी का सपना' पढ़कर तुम झुमकी की तरह किसी लड़की का सपना पूरा करने के लिए प्रेरित होगे। उषा यादव की कहानी 'समय की कीमत' का संदेश है, हमें हमेशा समय का महत्व समझना चाहिए। इस कहानी संकलन में संपादक नागेश पांडेय 'संजय की भी एक कहानी 'मुझे कोई प्यार नहीं करता' पढ़ने को मिलेगी, जिसमें बताया गया है, अपने से छोटों को मिलते प्यार से ईर्ष्या नहीं करनी चाहिए।
इनके अलावा इस किताब में संकलित अन्य लेखकों की कहानियां पढ़कर भी तुम्हें अच्छी सीखें मिलेंगी।
किताब: बालिकाओं की रोचक कहानियां,
संपादक: डॉ. नागेश पांडेय 'संजय' मूल्य: 230 रुपए,
प्रकाशक: लवकुश प्रकाशन, लखनऊ


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें