बालसाहित्य बच्चों को सिखाने के लिए नहीं, उनसे सीखते हुए लिखें : डॉ. नागेश पांडेय 'संजय'
साक्षात्कार : डॉ. नागेश पांडेय 'संजय'
साक्षात्कारकर्त्ता : डॉ. उमेशचन्द्र सिरसवारी
2 जुलाई, 1974 ई. को शाहजहांपुर के खुटार में जन्मे डॉ. नागेश पांडेय 'संजय' बालसाहित्य के अग्रणी साहित्यकारों में गिने जाते हैं। आप तीन दशकों से बालसाहित्य के क्षेत्र में सक्रिय हैं। प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं और संकलनों में आपके गीत, लघुकथा और बालसाहित्य की सभी प्रमुख विधाओं की एक हजार से अधिक रचनाएँ प्रकाशित हो चुकी हैं। दूरदर्शन और आकाशवाणी के विविध केंद्रों से आपकी रचनाएँ प्रसारित हो चुकी हैं। आपकी रचनाओं के अंग्रेजी, पंजाबी, सिंधी, गुजराती, मराठी, कन्नड़, राजस्थानी, उर्दू, उड़िया और नेपाली भाषाओं में अनुवाद भी हो चुके हैं और कई विश्वविद्यालयों में आपके बालसाहित्य पर अनेक शोधकार्य संपन्न हो चुके हैं। आप बालसाहित्य संगोष्ठियों, सम्मेलनों में सक्रिय प्रतिभागिता करते रहे हैं और पत्र-वाचन-संचालन करते रहे हैं। हिंदी, संस्कृत और दर्शनशास्त्र में आपने एम. ए. की पढ़ाई और बालसाहित्य पर आपने शोध की उपाधि प्राप्त की है। बालसाहित्य की प्रमुख विधाओं में लेखन करते हुए बरेली के राजेंद्र प्रसाद कॉलेज, मीरगंज में आप
बी.एड. विभाग के प्रभारी हैं और बालसाहित्य सेवा में संलग्न हैं। 'बाल साहित्य के प्रतिमान', 'बाल साहित्य सृजन और समीक्षा', 'बाल साहित्य का शंखनाद' समेत कई महत्वपूर्ण ग्रंथ अपने लिखे हैं, प्रकाशित हुए हैं। 'बाल दर्शन', (मासिक), 'बाल साहित्य समीक्षा' (मासिक), बालप्रभा समेत कई पत्रिकाओं का संपादन आपने किया है। आपकी बालसाहित्य सेवा को देखते हुए भारतीय बाल कल्याण संस्थान, कानपुर और उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान समेत दर्जनों संस्थाओं ने आपको सम्मानित-पुरस्कृत किया है। वर्तमान में आप बालसाहित्य के प्रमुख स्तंभ के रूप सक्रिय हैं। पिछले दिनों एक आवश्यक कार्य से बरेली जाना हुआ और डॉ. नागेश पांडेय सर से भेंट करने का अवसर मिला। बालसाहित्य के कई पक्षों को लेकर आपसे गंभीर चर्चा हुई। उसी बातचीत के कुछ अंश यहाँ प्रकाशित किये जा रहे हैं-
सवाल :- आप जाने-माने साहित्यकार हैं, आपने बच्चों के लिए ही लिखते रहना क्यों चुना ?
जवाब : बच्चों के लिए लिखना एक अलग ही आनंद देता है, यद्यपि मैंने बड़ों के गीत, कविताएं और लघु कथाएं भी लिखी हैं। बड़ों के लिए मेरी कविताओं की पुस्तक 'तुम्हारे लिए' शीर्षक से प्रकाशित हुई थी। इसकी भूमिका पदम भूषण गोपालदास नीरज जी ने लिखी थी।
सवाल :- साहित्य की किन-किन विधाओं में आपकी सक्रियता है, बालसाहित्य अपेक्षा त चुनौतीपूर्ण है। इस ओर आपका रुझान कैसे हुआ ?
जवाब : मैंने कहानी, उपन्यास, कविता, नाटक और आलोचना विधाओं में लेखन किया है। इन विधाओं की पुस्तकें भी आई हैं। वैसे जब जो जी करता है, लिख लेता हूँ। कभी जबरदस्ती नहीं लिखता। बाल्यावस्था में पत्र-पत्रिकाओं को पढ़कर लेखन की रुचि जगी थी, जो अनवरत बनी हुई है। कच्छप गति से ही सही, किंतु कार्य करता रहता हूँ।
सवाल :- बालसाहित्य को आप किन शब्दों में परिभाषित करेंगे ?
जवाब : जो बच्चों के लिए लिखा गया, जरूरी नहीं कि वह बालसाहित्य हो। सरलता और बोधगम्यता उसकी पहली शर्त है। बच्चे उसे किसी की सहायता के बिना समझ सकें और आत्मसात कर सकें। जिसे बच्चे प्रसन्नतापूर्वक अपना लें, वही बालसाहित्य है।
सवाल :- आज बालसाहित्य के समक्ष कई चुनौतियाँ हैं, सबसे महत्वपूर्ण है विचार, मनोविज्ञान और प्रस्तुतीकरण को लेकर, इसका सामना कैसे किया जाय ?
जवाब : आज के बच्चे बदल गए हैं। उनकी रुचि और उनका चिंतन समझने की जरूरत है। जिस प्रकार साहित्य समाज का दर्पण होता है, वैसे ही बालसाहित्य भी बाल समाज का दर्पण है किंतु दर्पण का कार्य संवरने का मौका देना होता है। जब हम दर्पण को निहारते हैं, तो तत्काल अपने विकृत रूप को संवारने लगते हैं, साहित्य को भी ऐसा
ही होना चाहिए।
सवाल :- प्रायः बालसाहित्य की अवधारणा में कुत्ते, बिल्ली, चूहे, तोता, मैना या परियों से संबंधित विषय वस्तु होती हैं, क्या आज भी यह विषय सार्थक कहे जाएंगे ?
जवाब : बच्चे की मूल प्रवृत्ति है जिज्ञासा। जिन विषयों को आपने पुराना कहा है, वे वयस्कों की दृष्टि से पुराने हैं, आज के नए बच्चे की दृष्टि में तो वे नए ही हैं। अतः उसके लिए ये विषय कभी पुराने नहीं होंगे। इनकी प्रासंगिकता सदैव बनी रहेगी। हमें बालसाहित्य के विषयों को अपनी प्रौढ़ मानसिकता के आधार पर नहीं परखना चाहिए। बल्कि उसे नए और अबोधबालक की दृष्टि से देखना चाहिए।
सवाल :- बच्चों में धैर्य का अभाव देखने में आ रहा है। वे जल्द ही अवसाद में डूब जाते हैं। कैसा साहित्य रचा जाए जो उन्हें उर्जा प्रदान करे ?
जवाब : आज के बच्चों के लिए आधुनिकतापरक साहित्य का सर्जन किया जाना चाहिए, जो उन्हें कुंठा और अवसाद से मुक्त कर सके। बच्चों में सकारात्मक सोच को जगाना आज के साहित्य का मुख्य लक्ष्य होना चाहिए।
सवाल :- बालसाहित्य में आज जो भी लिखा जा रहा है, उसका समीक्षात्मक पक्ष कमजोर है इसकी क्या वजह हैं? इसके सुधार हेतु कोई सुझाव आपसे चाहेंगे ?
जवाब : उमेश जी, आपने एकदम ठीक कहा, बालसाहित्य में समीक्षा को लेकर बड़ी चुनौतियां हैं। पहली बात तो समर्पित और विशेषज्ञ समीक्षकों का ही अभाव है। लोगों ने पुस्तक परिचय और आंकड़ों को प्रस्तुत करने को समीक्षा समझ लिया है। समीक्षक को विधा विशेष की समझ होनी चाहिए। उसका अध्ययन भी व्यापक होना चाहिए। पूर्वाग्रह और ईर्ष्या से मुक्त होना चाहिए।
खुद को समीक्षक कहने वाले एक महानुभाव फेसबुक पर बस, अपना ही गुणगान करते रहते हैं। ईर्ष्यावश अपने आलेखों में जब अपने पड़ोस के ही सक्रिय साहित्यकारों की चर्चा नहीं करते तो उनके सीमित ज्ञान को क्या कहा जाए ? क्या इस कुंठा से उनके समीक्षा कर्म को ईमानदार कहा जा सकता है ? लोग सोचते हैं कि फेसबुक पर टिप्पणी डालकर सहजता से जो सामग्री सुलभ हो गई, बस उसी को ही जोड़-बटोरकर एक आलेख लिख देना समीक्षा है। भाई, बाल साहित्यकारों का एक बड़ा वर्ग फेसबुक पर है ही नहीं। दूसरे जो साहित्यकार अब दुनिया में नहीं हैं, उनकी रचनाएं तो इंटरनेट से नहीं मिल सकतीं। उन्हें स्वयं ही खोजना होगा। अपने संपर्क को व्यापक बनाना होगा। अप्राप्त श्रेष्ठ बालसाहित्य को खोजना, परखना और उस पर लिखना, यह समीक्षक का नैतिक दायित्व है।
दरअसल समीक्षा कर्म आ बैल मुझे मार जैसा भी है। लोग आपसे बस, प्रशंसा की अपेक्षा करते हैं। एक लेखक की बात करूँ, अमुक ने अकबर-बीरबल की बैंगन का नौकर कहानी को एक राजा के नाम से लिख दिया। सोहनलाल द्विवेदी की बालमन के उलझन की एक कविता जिसमें बड़ों द्वारा बच्चे पर डाक्टर, कलक्टर, प्रोफेसर, गवर्नर बनने का दवाब बनाए जाने की बेजोड़ कल्पना है, को एक लेखक ने फेरबदल कर अपने नाम से छपा लिया। जब मैंने इस बारे में लिख दिया तो उन्होंने मुँह फुला लिया। मेरे खिलाफ षड्यंत्र रचने लगे। बालसाहित्य में सच्ची समीक्षा की दरकार है।
सवाल :- काल्पनिक साहित्य बच्चों को कल्पना लोक का यात्री बना देता है, जबकि आज उन्हें अंतरिक्ष पर ले जाने की आवश्यकता है। इस संबंध में आपकी क्या राय है?
जवाब : काल्पनिक साहित्य बच्चों को कुछ नया करने की प्रेरणा भी तो देता है। हर आविष्कार के मूल में परिकल्पना होती है, हमें यह भी याद रखना चाहिए। वैसे भी शिशु और बालक के लिए क्रमशः काल्पनिक और यथार्थ लेखन किया जाना चाहिए। किशोरों के लिए सूचनात्मक साहित्य की आवश्यकता है।
सवाल :- यथार्थ की बात यदि करें तो यथार्थ की जमीं बहुत खुरखुरी है, इससे बच्चों में जीवन के प्रति हताशा भी उपज सकती है, ऐसे में क्या सुझाव देंगे?
जवाबः यथार्थ ही सत्य है। इसे शुगर कोटेड टेबलेट के रूप में दिया जाए।
सवाल :- आप बाल नाटकों की बच्चों के विकास में क्या भूमिका देखते हैं?
जवाब : क्रिएटिविटी की दृष्टि से इनकी बहुत जरूरत है। बाल नाटकों के बजाय, छोटे बाल एकांकियों का लेखन किया जाना चाहिए। नाटक, कहानी का अगला चरण है। उसका रूपांतर है। हाँ, उसमें कविता का भी समावेश हो तो सोने पर सुहागा हो सकता है।
सवाल :- देश के शीर्षस्थ साहित्यकार जिनकी कलम में ताकत है वे बालसाहित्य के प्रति उदासीन हैं, इसके क्या कारण हैं ?
जवाब : कलम में ताकत और बालसाहित्य का लेखन दोनों अलग बातें हैं। हर कोई बालसाहित्य नहीं लिख सकता। कुछ लोगों ने बड़े साहित्यकारों से बालसाहित्य लिखवाने के असफल प्रयास भी किए हैं। लेकिन इससे जबरदस्त बालसाहित्य नहीं बल्कि जबरदस्ती का बालसाहित्य तैयार हुआ है।
सवाल :- इलेक्ट्रॉनिक मीडिया मस्तिष्क पर हावी है, इंटरनेट, टेलीविजन, कंप्यूटर के समय में बालसाहित्य का क्या भविष्य देखते हैं ? क्या कोई नकारात्मक प्रभाव भी है ?
जवाब : बालसाहित्य को भी अब प्रिंट मीडिया से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की ओर उन्मुख होना चाहिए। समय की यही मांग है और बच्चे की इसमें अनन्य रुचि भी है। फिर भी बच्चों में रीडिंग हैबिट न खत्म हो, इसके लिए समुचित प्रयास होने चाहिए। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के द्वारा प्रस्तुत सामग्री बालकों के चिंतन को विकसित नहीं होने देती और उनकी आंखों पर भी बुरा प्रभाव डालती है।
सवाल :- आज बालसाहित्य की पत्र-पत्रिकाएं तो बड़ी मात्रा में निकल रही हैं, क्या आप समझते हैं कि वे बालसाहित्य को सही दिशा प्रदान कर रही हैं ?
जवाब : बालसाहित्य में अब स्तरीय पत्र-पत्रिकाओं का अभाव है। अत्यल्प पत्रिकाएं हैं जिनके संपादकों को बालसाहित्य की समझ है। पहले पत्र-पत्रिकाओं में संबंधित विधाओं के मर्मज्ञ होते थे जिनमें संपादन की क्षमता होती थी। लेखक और संपादक दोनों के समेकित प्रयासों से रचनाओं में निखार आता था और उत्कृष्ट बालसाहित्य तैयार होता था। खेद है कि अब संपादक चयन करते हैं, संपादन नहीं।
सवाल :- बालसाहित्य समाज के हर बच्चे तक पहुँचे, इसके लिए क्या सुझाव देंगे ?
जवाब : देश के हर प्रदेश की सरकार को अनिवार्य रूप से बाल पत्रिका निकालनी चाहिए और मिड डे मील की तरह बाल पत्रिका भी हर बच्चे के हाथ में पहुँचे। यही सहज उपाय है। अखबारों में रविवार को बालसाहित्य अनिवार्य रूप से छपना चाहिए।
सवाल :- बालसाहित्य की किन विधाओं पर अभी और काम करने की आवश्यकता है ?
जवाब : इस संदर्भ में मैंने अपनी पुस्तक 'बालसाहित्य के प्रतिमान' में विस्तार से चर्चा की है। बड़ों के साहित्य में जो विधाएं हैं, उनमें बालकों की दृष्टि से भी लेखन और प्रयोगों की आवश्यकता है।
सवाल :- वर्तमान बालसाहित्य से आप कहाँ तक संतुष्ट हैं ? नवीन परिवेश को देखते हुए क्या नई विधाओं की रचना की जानी चाहिए ?
जवाब : बालसाहित्य की वर्तमान प्रगति से मैं पूर्ण संतुष्ट हूँ और गौरवान्वित भी हूँ। कई रचनाकार समर्पित भाव से काम कर रहे हैं। अच्छा काम कर रहे हैं। उनके काम की चर्चा होनी चाहिए। हाँ, कुछ रचनाकार केवल लिखने और छपने के लिए लिख रहे हैं। येन केन प्रकारेण पुरस्कार के लिए लिख रहे हैं। लेखन के लिए पुरस्कार होना चाहिए न कि पुरस्कार के लिए लेखन ।
सवाल :- अपने साहित्यिक रचना कर्म के बारे में बताइए?
जवाब : जब कोई मुझसे अपने काम के बारे में बताने के लिए कहता है तो मेरी बोलती बंद हो जाती है। बस 1986 से लिख रहा हूँ और निरंतर छप रहा हूँ। बाल उपन्यास टेढ़ा पुल लिखकर मुझे विशेष संतुष्टि मिली। किशोरों के लिए कहानी संग्रह भी आया यस सर नो सर। इन पुस्तकों के अन्य भाषाओं में अनुवाद हुए। बालिकाओं किशोरों के लिए मैंने पहली बार कहानी संकलन संपादित किए। वैसे मैंने जो लिखा-और जो छपा, वह कैसा है ? इसका सही निर्णय तो सुविज्ञ पाठक ही कर सकते हैं।
सवाल :- बाल साहित्यकारों से आपकी क्या अपेक्षाएं हैं?
जवाब : बाल साहित्यकार बच्चों को सिखाने के लिए नहीं, बल्कि उन से सीखते हुए लिखें। केवल लिखें ही नहीं, पढ़ें भी। पढ़ें वह जिससे सृजन को सामर्थ्य प्राप्त हो। लेखकीय कौशल का विकास हो। उत्कृष्ट लेखन स्वयं में ही एक पुरस्कार है। प्रशंसा या पुरस्कार की ओर न ताकें। अपने भीतर झाँकें।
(बाल किरण, अक्टूबर, 2022 पृष्ठ : 42 से 45 पर प्रकाशित)

.jpeg)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें