हमारे सम्मान्य समर्थक... हम जिनके आभारी हैं .

बाल कविता लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
बाल कविता लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 13 सितंबर 2021

कविता :'हिंदी भाषा न्यारी'/ नागेश पांडेय 'संजय'

 

हिंदी भाषा न्यारी

कविता : डॉ. नागेश पांडेय 'संजय'

सबकी ही बोली है अच्छी,

सबको अपनी भाषा प्यारी।

फिर भी सभी मानते हैं यह,

हिंदी भाषा सबसे न्यारी।

हिंदी भाषा :  बगिया, जिसमें 

विविध बोलियाँ महक रही हैं।

हिंदी-नभ में भाषाओं की

अगणित चिड़ियां चहक रही हैं।

हिंदी इतनी सरल हृदय है,

इसने सबको मान दिया है।

नए-नवेले शब्दों को निज

आँगन में स्थान दिया है। 

इसीलिए तो सिंधु सरीखी,

अपनी हिंदी बढ़ती जाती।

सारे जग में मान पा रही,

सबके ही मन को है भाती।

शुक्रवार, 13 अगस्त 2021

बाल कविता 'पन्द्रह अगस्त' : नागेश पांडेय 'संजय'

 
पन्द्रह अगस्त
कविता : डॉ. नागेश पांडेय 'संजय'

पन्द्रह अगस्त ! पन्द्रह अगस्त !

आजादी का अनमोल दिवस,
जिससे पहले सब थे परवश।
अंग्रेजों का शासन कठोर,
अन्याय, दमन का सिर्फ जोर।
तब लड़कर-भिड़कर, मरकर भी,
दुश्मन को दी थी हाँ, शिकस्त।
पन्द्रह अगस्त ! पन्द्रह अगस्त !

आजादी की कीमत जानें,
भारत की गरिमा पहचानें।
इसका न कभी भी मान घटे,
हम जाति-धर्म में नहीं बँटें। 
सब एक रहें, सब नेक रहें,
हो प्रगतिशील जनता समस्त।
पन्द्रह अगस्त ! पन्द्रह अगस्त !

अपना ध्वज फर-फर-फर फहरे,
दुनिया भारत पर गर्व करे।
कुछ नया करें, यह हो प्रयास,
हो लक्ष्य एक चहुंदिश विकास।
जो हमें तोड़ने की सोचे,
उसके मंसूबे करें ध्वस्त।
पन्द्रह अगस्त ! पन्द्रह अगस्त !

(कविता हरिभूमि, रायपुर, 13 अगस्त, 2021 के बालभूमि पृष्ठ पर प्रकाशित)

शनिवार, 19 जून 2021

बाल कविता 'पिता हमारे'-नागेश पांडेय 'संजय'

पिता हमारे
कविता : डॉ. नागेश पांडेय 'संजय'
पिता हमारे पेड़ सरीखे,
छाया देते हैं।
खुद दुःख सहकर हमको 
हर्ष सवाया देते हैं।

पिता नहीं ईश्वर से कम हैं,
पालनहारे हैं।
हमें पालते, हम उनकी 
आँखों के तारे हैं।

पिता मित्र हैं, गुरु हैं : हमको 
राह दिखाते हैं।
पिता हमारे सपनों का 
संसार सजाते हैं। 

पिता कभी कुछ नहीं माँगते,
क्या उनको दें हम?
कभी न ऐसा काम करें, जो
मिले पिता को गम। 
(कविता हरिभूमि, रायपुर में 19 जून 2021 को प्रकाशित)

सोमवार, 17 मई 2021

बाल कविता : मेरा नया मित्र-डॉ. नागेश पांडेय 'संजय'

मेरा नया मित्र
डॉ. नागेश पांडेय 'संजय'

मैंने पौधा एक लगाया,
उसको अपना मित्र बनाया।

रखता हूँ उसकी निगरानी,
रोज समय से देता पानी।

पाकर हवा चहक उठता है,
पक्षी देख बहक उठता है।

उसके पास बैठ मैं जाता,
खूब देर तक हूँ बतियाता।

कहता मित्र ! बड़ा हो जाऊँ,
फिर तुमको कुछ नया दिखाऊँ।

फूल खिलाऊँ सुंदर-सुंदर,
भरूँ महक से यह सारा घर।

आएं फिर पक्षी अलबेले,
फिर तो रोज लगेंगे मेले।

भौरें गुन-गुन-गुन गाएँगे,
खूब प्यार से मँडराएँगे।

तितली इधर-उधर डोलेगी,
आहट पाकर पर खोलेगी।

देख-देख यह अजब नजारा,
चहकेगा हर मित्र तुम्हारा।

सबके साथ लगाना नारा,
मित्र हमारा कितना प्यारा।
हरिभूमि, 1 अगस्त 2020 


शनिवार, 15 मई 2021

बाल कविता : कहते हैं नाना - डॉ. नागेश पांडेय 'संजय'

बाल कविता : डॉ. नागेश पांडेय 'संजय'

जल्दी सोना, जल्दी जगना,

यह जिसने भी मन में ठाना।

उसकी सेहत ठीक रहेगी,

नहीं पड़ेगा वैद्य बुलाना।

यह कहते हैं, मेरे नाना।

भोजन सदा समय से करना,

तली भुनी चीजों से डरना।

सोने से घण्टे भर पहले, 

खा लेना जी, देखो खाना।

यह कहते हैं मेरे नाना।

जब देखो तब मोबाइल में,

अपनी आँखें नहीं गड़ाना।

कभी रोशनी कम न पड़ेगी,

नहीं पड़ेगा फिर पछताना।

यह कहते हैं मेरे नाना।

बहुत मजे से हम रहते हैं,

उनकी सब बातों को माना।

क्या तुम भी करते हो ऐसा?

जो कहते हैं मेरे नाना।

देखो, हमको सच बतलाना।

 हरिभूमि, दिल्ली (10.05.2021) की परिशिष्ट बाल भूमि में प्रकाशित 

मंगलवार, 19 फ़रवरी 2019

कविता "वसंत ऋतु" : डॉ. नागेश पांडेय 'संजय'

लो, वसंत की ऋतु आई है।

लगे परी-सी धरती रानी,
देख इसे होती हैरानी !
चहक उठी है, महक उठी है,
बहक उठी है प्रकृति सुहानी।
पेड़ झूमते हैं मस्ती में,
डाली-डाली बौराई है।
लो, वसंत की ऋतु आई है।

फूलों से लद गए बगीचे,
खुश्बू मन का आँगन सींचे।
यो लगता है गगन धरा पर,
अंजुरि भर-भर ख़ुशी उलीचे।
अहा ! जादुई इस मौसम का,
रंग-ढंग सब सुखदाई है।
लो, वसंत की ऋतु आई है।

झूम रही सरसों मतवाली,
नाच रही सरसों की बाली,
नन्हे-मुन्ने पौध चने के,
हँस-हँस बजा रहे हैं ताली।
कोयल भैया ने कूSS कूSS कूSS ,
मीठी-सी लोरी गाई है।
लो, वसंत की ऋतु आई है।

शनिवार, 20 जुलाई 2013

पापा जी का कंप्यूटर

 बाल कविता :नागेश  पांडेय 'संजय' 

पापा जी का कंप्यूटर है
जादू भरा पिटारा

इसमें हाथी, इसमें घोड़ा
इसमें भालू बंदर।
इसमें गेम अनोखे कितने
मैजिक इसके अंदरं
आन करो इंटरनेट, होगा
मुटठी में जग सारा।

जोड़, घटाना, गुणा, भाग सब
पलक झपकते कर लो।
मेमोरी के क्या कहने जी
जितना चाहे भर लो।
थकने का ता काम नहीं है
पहलवान यह ‘दारा‘।


पिक्चर बुक का क्या कहना जी
जमकर चि़त्र बनाओ।
गाने सुनो फिल्म भी देखो,
जी भर जी बहलाओ।
मैगजीन भी पढ़ो इसी पर,
सच्चा दोस्त तुम्हारा।

पापा जी का कंप्यूटर है
जादू भरा पिटारा

गुरुवार, 15 नवंबर 2012

मेरी नयी पुस्तक : जो बूझे वह चतुर सुजान


 पुस्तक :  जो बूझे वह चतुर सुजान : नागेश पांडेय 'संजय' 
राजकमल प्रकाशन/ज्ञान विज्ञान प्रकाशन 
जी 72, द्वितीय तल, जगतपुरी, दिल्ली -32
मूल्य - 40/- 
संस्करण प्रथम 2012 

  
इसी पुस्तक से कुछ पहेलियाँ आपके लिए ....
1
ढोलक जैसा रूप हमारा,
पकड़ हाथ में मुझे बजाओ।
जो धुन निकले उसमें भैया ,
रू जोड़ो तो उत्तर पाओ।  
2
एक फली है अजब अनोखी,
टक्कर ले बादाम की।
नाम दाल का इसमें आता,
बड़ी बडाई दाम की।
3
एक अनोखी दुनिया मैंने
 देखी  लटकी पेड़ पर।
उस दुनियां के जितने वासी,
सबके अपने-अपने घर।
4
गोल शरीर, पेट में दांत,
गेहूं खूब चबाती हूँ।
लेकिन फिर भी भूखी रहती,
कभी न खुद खा पाती  हूँ।
उत्तर दीजिए ...टिप्पणी के रूप में ......  

गुरुवार, 18 अगस्त 2011

कुहू कुहू सुन...


बाल कविता : डॉ. नागेश पांडेय 'संजय'


कुहू-कुहू सुन, कुहू-कुहू कर
बच्चे भागे सारे।
लगे बुलाने, कोयल बहना !
आ रे, आ रे, आ रे। 

कोयल ने तब कहा रूठकर,
भरम नहीं फैलाओ।
मैं तो कोयल भैया हूँ जी,
ऐसे नहीं चिढ़ाओ।

गाता मैं हूँ पर सब कहते,
कोयलिया है गाती।
ऐसा झूठ बोलते सबको,
लाज नहीं क्यों आती ?

मंगलवार, 9 अगस्त 2011

चार पहेलियाँ


???????
प्यारे बच्चों ! क्या आपको इन पहेलियों के उत्तर पता हैं ? 
यदि हाँ , तो देर किस बात की -जल्दी से टिप्पणी में उत्तर लिखो . 
(1)
राज्य अनोखा, वासी कम।
प्रथम हटे, हो जाता सम।
चाय यहाँ की पैदावार,
नाम कहो या मानो हार।
(2)
मुझे देख मच्छर घबड़ाते,
बेबस इधर-उधर मंडराते,
सबको मीठी नींद लुटाऊँ,
इसीलिए दानी कहलाऊँ।
(3)
प्रथम कटे तो यदि बन जाऊँ,
मध्य कटे तो नर।
अंत कटे पहाड़ बन जाऊँ,
मुझमें ढेरों घर।
(4)
सिर पग पतले,
पेट बड़ा है,
बाजा एक निराला है,
इसे बजाते ही
मुँह फूले,
कैसा गड़बड़झाला है?

रविवार, 10 जुलाई 2011

बाल कविता : खुलते हैं स्कूल- डॉ. नागेश पांडेय 'संजय'

नवभारत टाइम्स, रविवार्ता, नई दिल्ली, 15 जुलाई 1990 

छुट्टी देखो ख़त्म हुई अब , 
खुलते हैं स्कूल। 
झटपट कापी-पेंसिल खोजो,
जिन्हें गए थे भूल।
बोलो  ,  कहाँ टिफिन-बस्ता है ? 
जल्दी देखो-भालो। 
छूटी चीजें याद करो जी,
बाहर उन्हें निकालो।
धमा -चौकड़ी भूल-भाल कर , 
होगा अब तो पढना। 
पढने में ही ध्यान लगाओ, 
आगे तुमको बढ़ना। 

मंगलवार, 17 मई 2011

मई महीना



 
बाल कविता : डॉ. नागेश पांडेय 'संजय' 
मई महीना 
देख सभी के 
छुटता ढेर पसीना . 
मुख से यही 
निकलता सबके 
हाय कठिन अब जीना . 
सर-सर 
आंधी चलती ,
लगते लू के 
गरम थपेड़े .
सूरज दादा तो
अब हरदम
रहते आँख तरेरे . 
प्यास न बुझती
बार-बार 
पानी पड़ता है पीना. 
जाड़ो के 
ठिगने से दिन 
अब हुए 
ताड़ से लंबे . 
अब तो पल 
काटे न कटते 
बने लौह
 के खंभे .
धरती कहती -
नभ  से बरसो , 
अब तो बरसो भी ना . 

सोमवार, 9 मई 2011

चिलचिल गर्मी


बाल कविता : डॉ. नागेश पांडेय 'संजय'
चिलचिल गर्मी तेरा
बड़ा भयंकर रूप।
सूखी बंजर धरती,
उड़ा रही है रेत।
नहीं रही हरियाली,
पीले पड़ गये खेत।
अकुलाये पशु-पक्षी,
सूखे पोखर-कूप।

गरम हवा बहती है,
चलती सर-सर लू,
कड़क देख सूरज की,
रहा पसीना चू।
बुरा हाल है सबका,
हिटलर जैसी धूप।

कूलर पंखे ने भी, 
बदल दिया है रंग।
गरम हवा देते हैं,
होश किए हैं दंग।
प्यास नहीं है बुझती,
ओंठ रहे हैं सूख।
चित्र साभार गूगल सर्च 

मंगलवार, 26 अप्रैल 2011

यदि ऐसा हो जाए




बाल कविता : डा. नागेश पांडेय 'संजय '

कितना अच्छा  हो यदि ,
अंबर रसगुल्ले बरसाए .
और हवा संग टाफी उड़कर
पास हमारे आए .
बहे  नदी में दूध , पेड़ में
लगें किताबें प्यारी  .
धरती उगले चाकलेट नित
भारी - भरकम न्यारी .
विद्यालय में टीचर बांटे ,
मेवा और मिठाई .
जब जी चाहे , तब हम कर लें
थोड़ी - बहुत पढाई .
इम्तहान को दिए बिना ही
अगली कक्षा जाएँ .
बिना कुछ किए सारे जग में
ऊँचा नाम कमाए .
यदि ऐसा हो जाए , तो सच
मजा बहुत  आएगा .
लेकिन क्या बिन मेहनत के फल
दिल को भी भाएगा ?
हम अच्छे बच्चे , हमको ये
सपने नहीं सुहाते .
इन बेढंगी बातों पर हम
कभी नहीं इतराते .
लेखक की प्रकाशनाधीन पुस्तक से साभार 
 

गुरुवार, 31 मार्च 2011

बातें





बाल कविता : नागेश पांडेय ' संजय ' 
बातें, बातें, बातें!
कैसी-कैसी बातें।

अच्छी बातें - गंदी बातें,
महंगी बातें-मंदी बातें,
खट्टी बातें, मीठी बातें,
चिकनी जैसे घी की बातें
फीकी कभी चटपटी बातें
उल्टी कभी अटपटी बातें
समझ न आता है बातों की -
आखिर कितनी जातें।
बातें, बातें, बातें!

कभी हर्ष का बिगुल बजातीं
कभी कष्ट उर को पहुंचातीं
कभी हंसाती कभी रुलातीं
प्यार भरा अमृत छलकातीं
कभी शांत, स्तब्ध करातीं
कुछ कर जाने को उकसातीं
इनकी कारगुजारी की हम
थाह कभी ना पाते।
बातें, बातें, बातें!

बातें मेल-जोल करवाएं
बातें बिछड़े दोस्त मिलाएं।
बातें आपस में ठनकाएं
बातें ही विद्रोह कराएं।
बातें मन में घर कर जाएं
सब चहके वह रंग जमाएं।
बातों की बातें करके हम
फूले नहीं समाते।
बातें, बातें, बातें!